रामपुर , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में सरकारी पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग ने कटे हुए पेड़ों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है, हालांकि अभी तक चालान की कार्रवाई नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार नगर निगम द्वारा कुछ पेड़ों की कटान के लिए टेंडर दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन आरोप है कि ठेकेदारों ने अनुमति से अधिक संख्या में पेड़ों की कटाई कर दी। मामले में एक किसान यूनियन के नेता और एक सरकारी शिक्षक का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि संबंधित लोगों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
बताया गया कि जिले में एक पेट्रोल पंप के निर्माण के दौरान कुछ सरकारी पेड़ प्रभावित हो रहे थे, जिसके लिए अनुमति ली गई थी। पेट्रोल पंप संचालक विवेक दीक्षित ने कहा कि उन्होंने नियमानुसार अनुमति ली थी और यदि अधिक पेड़ काटे गए हैं तो यह ठेकेदार की गलती हो सकती है।
वहीं शिक्षक जमील अहमद ने कहा कि उनका इस कटान से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने इस संबंध में विभाग को लिखित जानकारी दी है। किसान यूनियन नेता संजोर अली पाशा ने भी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि अधिक पेड़ काटे गए हैं तो विभाग इसे साबित करे। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से कटे पेड़ों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को लगभग पांच दिन पहले जब्त किया गया था। जिला वन अधिकारी प्रणब जैन ने बताया कि मामले में संबंधित लोगों के नाम सामने आए हैं और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित