रामपुर , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हुई ढाई लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिलासपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय बिलासपुर रोड रेलवे स्टेशन के निकट सुबह करीब चार बजे जीआरपी, कोतवाली पुलिस तथा अन्य थानों की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी के बाएं पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया और चारों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो खोखे तथा चार कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी की पहचान उत्तराखंड के नानकमत्ता निवासी मिसरा सिंह के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों में नानकमत्ता निवासी गुरदेव सिंह उर्फ डेविड तथा रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी गौरव और भारत शामिल हैं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी ऑटो पार्ट्स व्यापारी मंजीत सिंह के कर्मचारियों ऋतिक मंडल और साहब सिंह से असलहों के बल पर करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए थे। दोनों कर्मचारी माल खरीदने के लिए दिल्ली जा रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित