रामपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि टांडा-मुरादाबाद मार्ग पर हाजी क्लॉथ हाउस के सामने एक ईको कार मक्के से लदे ट्रक में पीछे से जा टकराई। कार में सात लोग सवार थे। दुर्घटना में कार्तिक, नीरज, गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और अभिषेक अग्निहोत्री पुत्र अतुल अग्निहोत्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विशाल अग्निहोत्री पुत्र अतुल अग्निहोत्री, कमल प्रजापति पुत्र विजय सिंह, दोनों निवासी बुराड़ी, नाथूपुरा डीसीएम कॉलोनी, दिल्ली तथा जतिन राठौर निवासी नरेला, दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित