रामपुर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 15 लाख रुपये की नारकोटिक्स दवाएं बरामद की गई हैं। इस मामले में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने रविवार को बताया कि 11/12 अप्रैल की रात थाना कोतवाली पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आश्रम पद्धति रोड स्थित खाली मैदान से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय ,जीशान ,जब्बार के तौर पर की गयी है। आरोपियों के कब्जे से 33 पेटियां नशीले कफ सिरप (वेस्कोडेस्क, कोडेकटस टीआर, वेरीकोफ),8400 ट्रामाडोल कैप्सूल के अलावा नगदी बरामद की गयी है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी नाजिम और सरफराज उर्फ चिमपैंजी फरार हो गये जिनकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित