हरिद्वार/मुजफ्फरनगर , अक्टूबर, 02 -- उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों की स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य आंदोलन के जिन शहीदों की प्रतिमाएं अब तक स्थापित नहीं हुई हैं, उनकी प्रतिमाएं उनके पैतृक गांव अथवा निवास क्षेत्र में उपयुक्त स्थान पर स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही रामपुर तिराहा स्थित राज्य अतिथि गृह का उच्चीकरण, स्मारक परिसर के पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने और संग्रहालय का विस्तार करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर तिराहा कांड उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। एक और दो अक्टूबर 1994 की रात दिल्ली जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों के साथ हुई घटना को प्रदेशवासी कभी नहीं भूल सकते। खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा और श्रीनगर के श्री यंत्र टापू सहित विभिन्न स्थानों पर आंदोलनकारियों ने पृथक राज्य के लिए अपना बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्ष और त्याग के परिणामस्वरूप उत्तराखंड पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के निर्माण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य आंदोलनकारियों के पुनः चिन्हीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। उनके सम्मान और हितों को ध्यान में रखते हुए राजकीय सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आश्रित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सरल करते हुए तहसील स्तर पर प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद का गठन किया गया है। आंदोलनकारियों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। वहीं, शहीदों के नाम पर सड़कों और विद्यालयों का नामकरण करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं की स्थापना कार्य का शिलान्यास भी किया। इसके लिए 27 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। उन्होंने स्मारक के लिए भूमि दान करने वाले स्वर्गीय पंडित महावीर शर्मा के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। स्मारक परिसर में उनकी प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

संग्रहालय के विस्तार की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, वेशभूषा और लोक संस्कृति से जुड़ी सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि भावी पीढ़ियां राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहा, खटीमा, देहरादून और मसूरी स्थित शहीद स्थलों के पुनर्निर्माण एवं विस्तारीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने आंदोलन के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा आंदोलनकारियों को दिए गए सहयोग और शरण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका भी अतुलनीय रही है। माताओं और बहनों के संघर्ष तथा आंदोलनकारियों के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। शहीदों के सपनों के अनुरूप समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित