लखनऊ , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश सरकार की आकांक्षात्मक विकासखंड योजना के तहत जुलाई 2026 की रैंकिंग में रामपुर जनपद का सैदनगर विकासखंड प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में प्रथम स्थान पर रहा है। सैदनगर ने 70.03 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि प्रयागराज का बहरिया विकासखंड 69.70 अंक के साथ दूसरे और संभल का असमौली विकासखंड 68.82 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आकांक्षात्मक विकासखंडों में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, सामाजिक विकास तथा आधारभूत अवसंरचना से जुड़े 50 सूचकांकों (इंडीकेटर्स) के आधार पर प्रतिमाह मूल्यांकन किया जाता है। इनमें स्वास्थ्य एवं पोषण तथा शिक्षा को 30-30 प्रतिशत, कृषि एवं संबद्ध सेवाओं को 20 प्रतिशत, आधारभूत अवसंरचना को 15 प्रतिशत तथा सामाजिक विकास को पांच प्रतिशत भारांक दिया गया है।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सैदनगर विकासखंड ने स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विकासखंड में एनक्यूएएस प्रमाणित स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रतिशत 81.58 दर्ज किया गया, जबकि गर्भवती महिलाओं की चार या अधिक प्रसवपूर्व जांच का प्रदर्शन 104.65 प्रतिशत रहा। बच्चों के पूर्ण टीकाकरण का स्तर लगभग 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। आईसीडीएस के तहत नियमित पूरक पोषण प्राप्त करने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत 75.87 तथा छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों का प्रतिशत 67.14 रहा। विकासखंड के सभी 238 आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और पेयजल सुविधा उपलब्ध होने से संबंधित सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।

शिक्षा के क्षेत्र में भी सैदनगर का प्रदर्शन बेहतर रहा। उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर पहुंचने वाले विद्यार्थियों में लड़कों की दर 91.26 प्रतिशत और लड़कियों की 91.65 प्रतिशत रही। माध्यमिक से उच्च माध्यमिक स्तर पर लड़कों की प्रगति दर 85.08 प्रतिशत तथा लड़कियों की 91.29 प्रतिशत दर्ज की गई। सभी विद्यालयों में छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता के मामले में 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई। कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का प्रतिशत 68.13 रहा।

कृषि एवं संबद्ध सेवाओं में एफपीओ गठन का प्रदर्शन 133.33 प्रतिशत तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण 340.09 प्रतिशत दर्ज किया गया। पशुपालन क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करते हुए 44,150 पशुओं का टीकाकरण किया गया।

आधारभूत अवसंरचना के क्षेत्र में भी सैदनगर ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विकासखंड में 94.93 प्रतिशत घरों में कार्यशील नल जल कनेक्शन उपलब्ध हैं। सभी गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित