सुल्तानपुर लोधी , जनवरी 20 -- राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने मंगलवार को कहा कि बाढ़ से प्रभावित मंड इलाके के गांव रामपुरा गोहरा में ब्यास नदी की मार अभी भी जारी है। नदी के तेज बहाव के कारण यहां एक घर को अब भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने विवेकाधीन कोष से दो मोटर बोट गांव रामपुरा गोहरा और बाऊपुर जदीद की पंचायतों को सौंपीं।
संत सीचेवाल ने कहा कि बाढ़ के दौरान मंड इलाके के गांवों को पानी की टंकियां और मोटर बोटें उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई थी। इससे पहले आहली कलां और सांगरा गांवों को भी मोटर बोटें दी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि ब्यास दरिया के बहाव में आए बदलाव के कारण गांव रामपुरा गोहरा के करीब 10 घरों को भारी नुकसान हुआ था, जबकि एक घर अब भी नदी की चपेट में है। नदी का उतरता पानी उस घर के आंगन से होकर गुजर रहा है, जिससे परिवार को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संत सीचेवाल ने लोगों से अपील की कि जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए मदद की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, फसलें तबाह होने के साथ-साथ बच्चों की स्कूल फीस देना भी मुश्किल हो गया है। संत सीचेवाल ने दो बच्चों की पांच महीनों की स्कूली फीस अदा करते हुए कहा कि मंड इलाके में अभी भी कई बच्चे ऐसे हैं जिन्हें फीस के लिए सहायता की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित