रामनगर , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के रामनगर में बुधवार देर शाम एक युवक के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऐसा बताया जा रहा है कि परिजनों की गैर मौजूदगी में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में यह कदम उठाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर के ग्राम पीरुमदारा के समीप साईं मंदिर के पास किराए के मकान में रहने वाले लेखराज के 22 वर्षीय पुत्र निशांत ने घर के अंदर पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जब परिजन घर लौटे तो युवक को इस अवस्था में देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित