रामनगर , नवम्बर 10 -- उत्तराखंड के रामनगर के छोई गांव के किशनपुर पड़ाव में मंगलवार को एक अधेड़ महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान विमला बिष्ट (58) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेली रहती थी। मृतका का अर्द्ध नग्न शव ग्रामीणों को आज सुबह घर से कुछ दूर पड़ा हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली की एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्यों का संकलन किया। टीम को मौके पर महिला के साथ कुछ संघर्ष के साक्ष्य मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात के दौरान महिला और हमलावर के बीच संघर्ष हुआ होगा।

पुलिस सभी कोण से पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर महिला की हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित