रामनगर 21फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित अराजकता फैलाने और देश की छवि धूमिल करना का प्रयास करने को लेकर पुतला दहन किया।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से लखनपुर चुंगी तक मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। इसके बाद लखनपुर चुंगी पहुंचकर कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर श्री बिष्ट ने कहा कि जब भारत वैश्विक मंचों पर तकनीकी प्रगति, नवाचार और डिजिटल विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब इस प्रकार का अव्यवस्थित और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करना न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि इससे देश की छवि और प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचती है।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रहित से ऊपर कोई भी राजनीति नहीं हो सकती। देश की गरिमा और सम्मान को आघात पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा कभी स्वीकार नहीं करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश की एकता एवं सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन की एकजुटता और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित