रामनगर , मार्च 14 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामनगर में शनिवार को स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कई अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करने की कार्रवाई की।

प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में जहां एक और हड़कंप मच गया तो वहीं कई अतिक्रमणकारियों अपना सामान लेकर मौके से भागते हुए दिखाई दिए।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि आज टीम द्वारा रामनगर की रानीखेत रोड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है, उन्होंने बताया कि लगातार इस इलाके से शिकायत मिल रही थी कि यहां पर कई दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण करने के साथ ही समान सड़क पर रख रखा है जिससे अधिकांश यहां पर जाम लगने से स्कूली बच्चों के साथ ही पैदल गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत 50 से 60 अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के साथ ही कई लोगों का सामान जप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया तथा भविष्य में भी इस अभियान को लेकर किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा किसी को कोई छूट नहीं दी जाएगी बल्कि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी,उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने भी अवैध अतिक्रमण किया है वह टीम के आने से पहले अपना अतिक्रमण स्वयं हटा ले यदि अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम को अवैध अतिक्रमण मिलता है तो उसे ध्वस्त करने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा चालान कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई भी की जाएगी, उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित