रामनगर , अगस्त 16 -- उत्तराखंड के रामनगर में पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी बदमाश चंदन सागर पर 15 मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित था। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। क्षेत्र में उसके चलते भय का माहौल था। पुलिस उसे लंबे समय से तलाश कर रही थी।
पुलिस दबिश के दौरान वह हाथी बगड़ वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल में छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों और वाहनों पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई।
इस बीच कंट्रोल रूम को सूचना देकर और पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी और किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित