रामनगर,26फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में यातायात नियमों के पालन और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर कोतवाली पुलिस द्वारा इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान के तहत दोपहिया वाहनों, खासकर बुलेट बाइक में तेज आवाज वाले अवैध साइलेंसर लगाकर शोर मचाने और पटाखे फोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आज रामनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बुलेट बाइक संदिग्ध रूप से तेज आवाज करते हुए गुजरती दिखाई दी,मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की, जिसमें पाया गया कि बाइक में मानक नियमों के विरुद्ध तेज आवाज निकालने वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था।

ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया,कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एसआई वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर तेज आवाज वाले साइलेंसर और पटाखे फोड़ना न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि इससे आम जनता, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को भी भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित