रामनगर , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने झपट्टामारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र के दाने व पेंडल भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कत्याल ने रविवार को रामनगर में इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 16 अप्रैल पीरूमदारा में झपटमारी का एक मामला सामने आया था। पीरुमदारा निवासी बिशन सिंह बिष्ट अपनी पत्नी के साथ खेत में सिंचाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे। एक युवक ने बातचीत के बहाने उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और साथियों के साथ फरार हो गया। छीना-झपटी में मंगलसूत्र के कुछ दाने मौके पर गिर गए थे।
घटना के संबंध में 19 अप्रैल को थाना रामनगर में मामला दर्ज कराया गया। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम गठित की गयी। टीम की ओर से सर्वप्रथम आसपास के 60 से 70 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
आखिरकार पुलिस ने चौधरी ढाबा के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सावेज उर्फ भूरा (19 वर्ष) निवासी महेशपुर काशीपुर और जुबैर (25) निवासी किला बाजार काशीपुर शामिल हैं जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दोबारा झपटमारी की घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में आए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल यूके 18 यू 4835 बरामद की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित