रामनगर , सितंबर 30 -- उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को रामनगर क्षेत्र के मालधन चौड़ नंबर चार और दो में मेडिकल स्टोर, किराना और चाय विक्रेताओं सहित छह से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। विभाग की ओर से तीन नमूने जांच को भेजे गए जबकि चार को नोटिस जारी किए गए हैं।
महकमे की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर तीन अलग-अलग विक्रेताओं से मनोहर चाय और मल्टी विटामिन सिरप के कुल तीन नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (एफएसएस एक्ट) 2006 के प्रावधानों का पालन न करने, लाइसेंस स्वामी का पता गलत दर्ज होने और मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत न करने पर चार प्रतिष्ठानों को नोटिस दिये गये। विभाग के अनुसार 15 दिन में अनुपालन न होने पर अदालती चालान की कार्यवाही होगी, जिसमें धारा 55 के तहत दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसी के साथ ही प्रतिष्ठान स्वामियों को कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री न बेचने और उसके लिए अलग ड्रॉप बॉक्स रखने के विशेष निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने, बिना बिल के खरीद न करने, स्टॉक का विवरण रखने, कालातीत सामग्री का विक्रय और भंडारण न करने तथा दुकानों की नियमित सफाई और दवा छिड़काव करने के निर्देश दिए गये।
उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री किसी भी सूरत में नहीं बिकने दी जाएगी और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि मिलावट की आशंका होने पर विभाग को तुरंत सूचित करें।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिनमें सभी प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो। सभी पैक्ड सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट अंकित हो। प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। बिल/कैश मेमो अनिवार्य रूप से लें और ग्राहकों को भी दें। दुकानों पर एफएसएसएआई लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र प्रदर्शित किया जाए। खराब तथा कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित