रामनगर|, मार्च 16 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में कल देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया है। जहां तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए जिसमे एक 11 वर्षीय बालक की मौत भी हुई।

वहीं रामनगर के भरतपुरी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जहां तूफान की तेज रफ्तार के चलते रामनगर के भरतपुरी धर्मशाला समिति की छत की दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आकर धर्मशाला के नीचे खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

तूफान के कारण रामनगर के कई इलाकों में पेड़ टूटने और गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। अचानक आए इस तूफान से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर जनजीवन भी पूरी तरह प्रभावित हुआ।

इस घटना के बाद प्रभावित लोगों ने सरकार और प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित