रामनगर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा दो शातिर चोर गिरफ्ताररामनगर , मई 24 -- उत्तराखंड की रामनगर पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं।
रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मई को रामनगर के शीतल कुंज निवासी उर्मिला सिंह के घर में चोरों ने सेंध लगाकर सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। साथ ही निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मामले के खुलासे के लिए लगभग 55 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जांच में आये तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात को तुमड़िया बांध के मालधन चौड़ स्थितपीलीकोठी नारायणपुर मालधन चौड़ से चेकिंग दो संदिग्धों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया। पीड़िता की ओर से चोरी के माल की शिनाख्त की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित