रामनगर , सितंबर 28 -- मुख्यमंत्री के सचिव और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के सोमवार को नगर पालिका परिषद रामनगर के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव और पशु बाजार में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
पालिका के सामने फुटपाथ पर बिना अनुमति संचालित दुकान और अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बंद पड़ी रोड क्लीनिंग मशीन को नियमित चलाने तथा कूड़े की माप-तौल में पारदर्शिता के लिए कांटे पर सीसीटीवी लगाने को कहा गया। अगस्त की प्लास्टिक व अन्य मूल्यवान कचरे की रसीदें प्रस्तुत न होने पर अभिलेखों की जांच के निर्देश दिए।
श्री रावत ने सफाई कर्मियों की समुचित व्यवस्था और बायोमेट्रिक उपस्थिति नहीं मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बायोमेट्रिक व्यवस्था सुनिश्चित होने तक अधिशासी अधिकारी का वेतन रोकने को कहा गया। स्टोर में सामान के वितरण का रिकॉर्ड नहीं मिलने पर स्टॉक एवं वितरण संबंधी अभिलेखों की जांच के निर्देश दिए।
पशु बाजार में पिकअप में मानक के विपरीत तीन पशु परिवहन करने पर आयुक्त रावत ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराने तथा व्यवस्थाओं में सुधार होने तक पशु बाजार बंद रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को सभी अनियमितताओं की विस्तृत जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित