रामनगर , मार्च 10 -- उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग तराई पश्चिम के अंतर्गत आने वाले फाटो पर्यटन क्षेत्र से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वायरल वीडियो में जंगल के भीतर एक हाथी प्लास्टिक की बोतल को सूंड से उठाकर मुंह में डालने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर जनप्रतिनिधियों और वन्यजीव प्रेमियों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो फाटो पर्यटन क्षेत्र के ग्रीन वॉटर होल क्षेत्र का है। वीडियो में हाथी जमीन पर पड़ी प्लास्टिक की बोतल को पहले अपने पैरों से उछालता है और फिर उसे सूंड से उठाकर मुंह में डालने का प्रयास करता नजर आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्लास्टिक का सेवन किसी भी वन्यजीव के लिए बेहद घातक हो सकता है और इससे उनकी जान तक को खतरा हो सकता है।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी इसे गंभीर मुद्दा बताया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल ने कहा कि यदि यह वीडियो वास्तव में फाटो पर्यटन क्षेत्र का है तो यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि जंगल के अंदर प्लास्टिक की बोतल पहुंचना वन विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। यदि पर्यटक प्लास्टिक लेकर जा रहे हैं तो उन्हें रोका क्यों नहीं गया और इसके लिए क्या व्यवस्थाएं की गई हैं, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

वहीं वन्यजीव प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र शर्मा ने भी इस घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा कि जंगल से सटे पर्यटन जोन में हाथी द्वारा प्लास्टिक खाते हुए दिखाई देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से मामले की गंभीरता से जांच करने और पर्यटकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

इस मामले में तराई पश्चिम के प्रभागीय वन अधिकारी प्रकाश आर्य ने कहा कि सामने आए वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो वास्तव में फाटो पर्यटन जोन का है या नहीं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल फाटो जोन में पर्यटकों को प्रवेश के समय कचरा बैग दिए जाते हैं और उनसे कहा जाता है कि प्लास्टिक बोतल या अन्य कचरा उसी बैग में डालकर गेट पर वापस जमा करें। साथ ही भविष्य में प्लास्टिक की बोतलों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की भी योजना बनाई जा रही है। इसके तहत पर्यटकों को स्टेनलेस स्टील की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे वापसी पर गेट पर जमा करना होगा।

डीएफओ ने कहा कि यदि जांच में वीडियो फाेटो क्षेत्र का पाया जाता है तो संबंधित जिप्सी चालक, गाइड और दोषी पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित