रामनगर , फरवरी 18 -- उत्तराखंड में रामनगर क्षेत्र के पिरूमदारा के जगदीप चीमा ने अपनी खेती में एक अनोखा प्रयोग कर सभी को हैरत में डाल दिया है। उन्होंने अपने खेत में स्टार फ्रूट (कमरख) के पेड़ लगाकर न सिर्फ नई पहल की है, बल्कि क्षेत्र के किसानों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश किया है।
रामनगर क्षेत्र में स्टार फ्रूट की खेती बहुत कम देखने को मिलती है, ऐसे में यह प्रयास खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्टार फ्रूट, जिसे वैज्ञानिक रूप से एवरहोआ कैरम्बोला कहा जाता है, अपने विशिष्ट स्वाद और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। इसमें विटामिन-सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे पाचन तंत्र और हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी मानते हैं।
जगदीप चीमा ने बताया कि उन्होंने स्टार फ्रूट के पौधे गोविंद बल्लभ पंत यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी पंतनगर विश्वविद्यालय से खरीदे थे। उचित देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के कारण अब उनके खेत में पौधे अच्छी तरह विकसित हो रहे हैं। उनका मानना है कि यदि किसान नई और लाभकारी फसलों की ओर कदम बढ़ाएं, तो आय के बेहतर स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार फ्रूट की बाजार में अच्छी मांग है और यह फसल पारंपरिक खेती के साथ अतिरिक्त आय का माध्यम बन सकती है। क्षेत्र के कई किसान अब उनके खेत का निरीक्षण कर जानकारी ले रहे हैं।
जगदीप चीमा का यह प्रयास दर्शाता है कि नवाचार और साहस के साथ खेती में नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उनकी यह पहल स्थानीय कृषि को विविधता और नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित