पौड़ी , जून 18 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल के रामझूला स्थित सर्वेश्वर भगवान मंदिर, परमार्थ निकेतन में हुई चोरी की घटना का पौड़ी पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्र और 1.32 लाख रुपये नकद बरामद किये हैं।
कोतवाली लक्ष्मणझूला में 13 जून को मंदिर प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में स्थापित चांदी के छत्र तथा पूजा-अर्चना में प्रयुक्त चांदी के बर्तनों की चोरी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चन्द के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में गठित टीम ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य जुटाए गए।
लगातार जांच और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने बुधवार को नरेंद्र सिंह राणा (29) पुत्र लक्ष्मण सिंह राणा निवासी ग्राम डोर, जिला पिथौरागढ़ को लक्ष्मणझूला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्र तथा एक लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लक्ष्मणझूला में धारा 305(डी) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित