हैदराबाद , जून 13 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली तथा मध्यम दूरी की नौसैनिक एंटी-शिप मिसाइल के सफल परीक्षणों के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों तथा इससे जुड़े सभी कर्मियों को बधाई दी।
श्री राव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी एक संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत रक्षा तैयारियों को सुदृढ़ बनाने तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन सफल परीक्षणों ने देश की आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है, जो भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता, रणनीतिक सामर्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री राव ने कहा, " इन उपलब्धियों ने उन्नत मिसाइल रक्षा क्षमता रखने वाले चुनिंदा देशों के बीच भारत की स्थिति को और मजबूत किया है। यह हमारे डीआरडीओ वैज्ञानिकों और रक्षा कर्मियों की प्रतिबद्धता, प्रतिभा और कठिन परिश्रम का प्रमाण है। " उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की रक्षा संरचना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने तथा देश की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए उसे पूर्ण रूप से सक्षम बनाने को अभूतपूर्व प्राथमिकता दी है। "श्री राव ने डीआरडीओ की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित