रामगढ़ , सितंबर 01 -- झारखंड में रामगढ़ के भुरकुंडा ओपी पुलिस ने नशीले पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16.83 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और 14,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिल अंसारी (30 वर्ष), पिता मोहम्मद हदीस अंसारी, निवासी 2 नंबर गेट, एनटीएस बरकाकाना तथा दीपक बेदिया (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय सिद्धू राम बेदिया, निवासी घुटुवा, थाना पतरातू (बरकाकाना), जिला रामगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भुरकुंडा ओपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 16.83 ग्राम ब्राउन शुगर, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन तथा 14,300 रुपये नकद बरामद किए गए।

इस मामले में पतरातू (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या 299/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित