रामगढ़ , अगस्त 25 -- झारखंड में रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्टेशन के स्थान पर रांची रोड स्टेशन तथा पतरातू स्टेशन पर अस्थायी रूप से दिए गए चार जोड़ी ट्रेनों के ठहराव की अवधि बढ़ा दी गई है।
अब इन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव 14 अक्टूबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक विस्तारित किया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, कोलकाता-मदार एक्सप्रेस (19607) का रांची रोड स्टेशन पर आगमन रात 8 बजे और प्रस्थान 8.05 बजे होगा। इसका ठहराव 15 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा। वहीं मदार-कोलकाता एक्सप्रेस (19608) 21 अक्टूबर से सुबह 6.50 बजे रांची रोड पहुंचेगी और 6.55 बजे रवाना होगी।
इसी प्रकार अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस (19413) का रांची रोड स्टेशन पर ठहराव 16 अक्टूबर से तथा कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19414) का ठहराव 17 अक्टूबर से प्रभावी होगा। दोनों ट्रेनों का रांची रोड स्टेशन पर आगमन क्रमशः सुबह 6.50 बजे और रात 8 बजे तथा प्रस्थान पांच मिनट बाद होगा।
हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस (13025) 19 अक्टूबर से रांची रोड पर रात 7.10 बजे पहुंचेगी और 7.15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पतरातू स्टेशन पर रात 8.05 बजे पहुंचेगी और 8.10 बजे रवाना होगी। इसी ट्रेन की वापसी सेवा भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस का रांची रोड पर ठहराव सुबह 6.50 से 6.55 बजे तथा पतरातू में सुबह 5.55 से 6 बजे तक रहेगा। यह व्यवस्था 15 अक्टूबर से प्रभावी होगी।
वहीं जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस (11447) 15 अक्टूबर से रांची रोड स्टेशन पर दोपहर 1.50 बजे पहुंचेगी और 1.55 बजे रवाना होगी। पतरातू में इसका ठहराव दोपहर 12.45 से 12.50 बजे तक रहेगा। हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस (11448) का रांची रोड पर ठहराव रात 8.30 से 8.35 बजे और पतरातू में रात 9.25 से 9.30 बजे तक रहेगा। यह व्यवस्था 14 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है। यह जानकारी धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित