धमतरी , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को धमतरी में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।

गांधी मैदान के समीप आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप कर इसे रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका कहना था कि इसी के विरोध में धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित