रामगढ़ , सितंबर 12 -- झारखंड में झालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ के तत्वावधान में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मो. तौफीक हसन के मार्गदर्शन में शनिवार को व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान किया गया। इस दौरान कुल 18,194 मामलों का निपटारा हुआ तथा 14,29,83,046 रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई।

राष्ट्रीय लोक अदालत में पारिवारिक विवाद (मैट्रिमोनियल डिस्प्यूट), विद्युत अधिनियम से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद, आपराधिक अपील, बैंक एवं बीमा से जुड़े विवाद, राजस्व संबंधित मामले, चेक बाउंस और मोटर वाहन दावा मामलों का निपटारा किया गया। लोक अदालत एक वैकल्पिक विवाद समाधान प्रक्रिया है, जहां मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाता है। इससे मामलों का शीघ्र समाधान होने के साथ न्यायालय शुल्क की बचत होती है और दोनों पक्षों के बीच संबंधों में सुधार आता है।

मामलों के निपटारे के लिए कुल आठ बेंचों का गठन किया गया था। बेंच नंबर एक में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजीव आनंद एवं पैनल अधिवक्ता अमरनाथ बंका ने पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों का निपटारा किया।

बेंच नंबर दो में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव एवं पैनल अधिवक्ता नितेश कुमार ने विद्युत अधिनियम, चेक बाउंस, दीवानी एवं अन्य विवादों का समाधान किया। बेंच नंबर तीन में सीनियर सिविल जज तृतीय आरती माला एवं पैनल अधिवक्ता बीवी जाहिदा खातून ने क्रिमिनल कंपाउंडेबल केस एवं अन्य मामलों का निपटारा किया।

बेंच नंबर चार में सीनियर सिविल जज द्वितीय शिवेंदु द्विवेदी एवं पैनल अधिवक्ता कौशल कुमार सिन्हा ने भूमि अधिग्रहण मामलों की सुनवाई की। बेंच नंबर पांच में सीनियर सिविल जज चतुर्थ उत्तम सागर राणा एवं पैनल अधिवक्ता विमलेश दुबे ने वन विभाग, चेक बाउंस एवं अन्य मामलों का निपटारा किया।

बेंच नंबर छह में अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत वीरेंद्र कुमार तिवारी एवं अधिवक्ता अभिनव कुमार ने पूर्व विवाद निपटान मामलों, बैंक, डीएसएएनए एवं अन्य मामलों का समाधान किया। बेंच नंबर सात में प्रेसिडेंट कंज्यूमर फोरम शिव कुमार शुक्ला, मेंबर कुमारी नीना सिंह एवं पैनल अधिवक्ता शिवनाथ ठाकुर ने उपभोक्ता विवादों का निपटारा किया।

बेंच नंबर आठ में सर्टिफिकेट अधिकारी विद्युत विभाग अमित अंबर कच्छप, विद्युत कार्यकारी अभियंता संजय कुमार राणा एवं अधिवक्ता ज्ञान रंजन ने विद्युत सप्लाई सर्किल रामगढ़ के सर्टिफिकेट केस का निपटारा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित