रामगढ़ , जुलाई 20 -- झारखंड में रामगढ़ में महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्वर्णरेखा महिला समिति ने सोमवार को पीवीयूएनएल (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) टाउनशिप के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में 'प्रगति 2.0 टेलरिंग सेंटर' का शुभारंभ किया।
समिति की अध्यक्ष रेणु सहगल ने विधिवत फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। यह टेलरिंग सेंटर महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। चयनित महिलाओं को सप्ताह में छह दिन नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आधुनिक सिलाई-कौशल सीखकर स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
उद्घाटन अवसर पर समिति की अध्यक्ष रेणु सहगल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता ही महिलाओं को वास्तविक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि स्वर्णरेखा महिला समिति का यह प्रयास महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेंगी, बल्कि समाज में आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान भी स्थापित करेंगी।
कार्यक्रम में स्वर्णरेखा महिला समिति के सदस्य, पीवीयूएनएल के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित