रामगढ़ , अगस्त 16 -- भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश की बैठक रविवार को पहली बार रामगढ़ जिला भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित की गई।

बैठक से पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, अमर बाबू, गणेश मिश्रा एवं हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेताओं का जोश और उत्साह के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने की। इसमें नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष समेत कुल 32 पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की नियमित मासिक बैठकों को अब अलग-अलग जिलों में आयोजित करना बताया गया। प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि जिलों में बैठक आयोजित होने से स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं की सीधी जानकारी प्राप्त होगी। इसके आधार पर प्रदेश स्तर पर रणनीति तैयार करने तथा जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रूपरेखा बनाने में सहूलियत होगी।

बैठक में संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। बताया गया कि उनकी जन्मस्थली काशी से मिट्टी कलश में भरकर झारखंड के विभिन्न जिलों में पहुंचाई गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती पूरे भारत में अपनी अलग पहचान कायम करेगी।

भाजपा नेताओं ने झारखंड में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामलों की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य के छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार से तत्काल सीबीआई जांच कराने की दिशा में कदम उठाने की मांग की गई।

बैठक में खनिज संपदा को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में कोयला, लौह अयस्क, तांबा समेत विभिन्न खनिजों पर दोहरे कर के बोझ में कटौती की है, जो सराहनीय कदम है। वहीं झारखंड सरकार पर इन खनिज संसाधनों के नाम पर कथित रूप से लूट मचाने का आरोप लगाया गया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में रामगढ़ जिला भाजपा कार्यालय को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश नेतृत्व द्वारा नई रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के कथित अपमान को लेकर भी विरोध जताया गया। भाजपा ने इसे निंदनीय बताते हुए रविवार शाम पांच बजे सभी जिलों में कांग्रेस का पुतला दहन करने की घोषणा की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, महामंत्री राजू चतुर्वेदी, जगेसर प्रजापति, संतोष शर्मा, भीम सेन चौहान, परवीन सोनू, रंजन फौजी, मनोज गिरी, सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित