रांची , फरवरी 27 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुथरपुर के सुदूरवर्ती इलाके में देर रात अपराधियों ने एक निर्माणाधीन क्रशर प्लांट पर खड़ी जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया।

घटना के बाद कर्मियों में दहशत व्याप्त है। वहां मौजूद कर्मियों ने बताया कि देर रात चार-पांच की संख्या में अज्ञात अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने पहले मजदूरों और कर्मियों को धमकाया, फिर सभी को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।

इसके बाद बदमाशों ने क्रशर प्लांट परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन से डीजल निकाल कर जेसीबी पर छिड़ककर आग लगा दी। जाते-जाते अपराधियों ने कहा कि बिना परमिशन के कैसे क्रशर प्लांट लगवा रहे हो। पहले बात कर लेना और जब तक बात नहीं होती है, तब तक काम बंद रहेगा।

घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कमरे में बंद कर्मियों को बाहर निकाला तथा जली हुई मशीन और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। इस संबंध में भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि घटना के पीछे रंगदारी, आपसी विवाद या अन्य सभी आपराधिक बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित