रामगढ़ , जून 07 -- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान रविवार की अहले सुबह रांची से बोकारो जाने के क्रम में रामगढ़ जिला की सीमा में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल भी उनके साथ मौजूद थे। स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत रामगढ़ के कोठार स्थित शहीद निर्मल महतो चौक से हुई। यहां बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झारखंडी संस्कृति के अनुरूप ढोल-नगाड़ों, लोकनृत्य और पुष्पवर्षा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का अभिनंदन किया।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य नेताओं ने वीर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने शहीद निर्मल महतो चौक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का विधिवत स्वागत करते हुए उन्हें एक विशेष तस्वीर और स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की धरती रामगढ़ पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और उनके स्वागत में उमड़ी भारी भीड़ से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है, जिससे आगामी सांगठनिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला इसके बाद बोकारो के लिए रवाना हो गया। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित