रांची , फरवरी 13 -- झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित चुट्टूपालू घाटी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
एनएच-33 (रांची-पटना मुख्य मार्ग) पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रहे गिट्टी लदे हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर में तुरंत आग लग गई और चालक केबिन में ही फंस गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक जिंदा जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पुलिस और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कंटेनर के केबिन से एक अधजला शव बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि शव कंटेनर चालक का है। पुलिस मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद एनएच-33 पर लंबा जाम लग गया, जिससे रांची-पटना मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए एक लेन से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। साथ ही दो क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुट्टूपालू घाटी में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। लोगों ने सड़क की बनावट और सुरक्षा प्रबंधन में खामियों का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार हो रहे हादसे चेतावनी हैं, जिन पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित