रामगढ़ , अक्टूबर 12 -- झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में कल रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि रांची की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रही बलेनो कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर (एचआर 37 डी 8971) ने बलेनो कार (जेएच 02 एजे 5718) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में प्रियांशु चक्रवर्ती (35 वर्ष) और पिमांशु चक्रवर्ती (32 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रोणोई चक्रवर्ती को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कार को टक्कर मारने के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इससे रांची-पटना मुख्य मार्ग के रामगढ़-रांची लेन पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। चुटूपालू घाटी में देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क के बीच कंटेनर पलटने के कारण यातायात बहाल करने में पुलिस को काफी परेशानी हुई। बाद में रामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की। हादसे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं घायल महिला रीना चक्रवर्ती के अनुसार, वे लोग रांची से हजारीबाग जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार में चालक राजू कुमार के अलावा पी. चक्रवर्ती, एस. चक्रवर्ती और एक अन्य पी. चक्रवर्ती सवार थे। फिलहाल, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित