मुंबई , अगस्त 14 -- ॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) में अभिनय में उत्कृष्टता के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान और भारतीय कहानियों एवं किरदारों को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

तीन दशक लंबे अपने फिल्मी करियर में रानी ने विभिन्न जॉनर की फिल्मों में कई यादगार महिला किरदार निभाए हैं। 'ब्लैक', 'हम तुम', 'युवा', 'बंटी और बबली', 'नो वन किल्ड जेसिका', 'हिचकी', 'मर्दानी' फ्रेंचाइजी और 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने उनकी बहुमुखी प्रतिभा और निरंतर विकास को दर्शाया है।

सम्मान मिलने पर रानी मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि भारतीय फिल्म उद्योग में एक युवा लड़की के रूप में कदम रखने के बाद उनकी फिल्में और किरदार उन्हें समुद्र पार ऑस्ट्रेलिया तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि दुनियाभर के लोगों का अपने सिनेमा के जरिए मनोरंजन करना इस पेशे से मिला सबसे बड़ा तोहफा है।उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने हमेशा उन्हें और भारतीय सिनेमा को खुले दिल से अपनाया है। उनके अनुसार, फिल्में संस्कृतियों को जोड़ती हैं और भावनाओं को किसी पासपोर्ट की जरूरत नहीं होती।

रानी ने कहा कि एक अभिनेता के लिए असली कहानी तब शुरू होती है जब उसका अभिनय किसी के दिल तक पहुंचता है। पिछले तीन दशकों में उनके किरदारों और फिल्मों का घर से दूर लोगों की जिंदगी में जगह बना पाना उनके लिए बेहद विनम्र करने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी महिलाओं के किरदार निभाने का अवसर मिला, जिन्होंने खुलकर हंसा, गहराई से प्यार किया, निडर होकर संघर्ष किया और खुद पर विश्वास बनाए रखा।

आईएफएफएम 2026 का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक किया जा रहा है। फिल्म महोत्सव में भारतीय फिल्मों और फिल्मकारों को एक मंच पर लाकर भारतीय कहानी कहने की विविधता और उसके वैश्विक प्रभाव का जश्न मनाया जा रहा है।

रानी मुखर्जी के लिए यह सम्मान उनके तीन दशक लंबे करियर के महत्वपूर्ण पड़ाव पर आया है। इस दौरान उन्होंने भारतीय सिनेमा की कई प्रभावशाली महिला किरदारों को पर्दे पर जीवंत किया और अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान कायम की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित