जबलपुर , जून 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

रानी दुर्गावती के 463वें बलिदान दिवस पर आज यहां नर्रई नाला स्थित उनकी समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती अदम्य साहस, पराक्रम और स्वाभिमान की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने गोंडवाना साम्राज्य की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया और उनका बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर में रानी दुर्गावती को समर्पित लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए संस्थान का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रानी दुर्गावती के गौरवशाली इतिहास और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए अनेक निर्णय ले रही है। शून्य ब्याज ऋण की समय-सीमा संबंधी व्यवस्था में संशोधन किया गया है तथा अधोसंरचना और पर्यटन विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि रानी दुर्गावती का बलिदान भारतीय स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और वीरता की अमर गाथा है। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह, मंत्री संपतिया उइके, सांसद, विधायक तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित