भोपाल , सितंबर 29 -- भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पे एंड यूज व्यवस्था के तहत यूरिनल के लिए पांच रुपये, टॉयलेट के लिए 10 रुपये और स्नान के लिए 15 रुपये शुल्क देना पड़ रहा है। राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार परिषद के सदस्य नितेश लाल ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर यूरिनल की सुविधा नि:शुल्क करने और शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
स्टेशन पर ऐसे पांच पे एंड यूज टॉयलेट हैं, जिनका प्रतिदिन 2,500 से अधिक यात्री इस्तेमाल करते हैं। नितेश लाल ने पत्र में कहा कि यात्री रेलवे का किराया चुकाकर यात्रा करते हैं, ऐसे में यूरिनल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए अलग से शुल्क लेना यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। उन्होंने पे एंड यूज टॉयलेट की संचालन एजेंसी को नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई के निर्देश देने की मांग भी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुल्क लिए जाने के बावजूद कई बार शौचालयों में गंदगी और बदबू की स्थिति रहती है। उनके अनुसार यात्रियों से शुल्क लेने के साथ उन्हें साफ-सुथरी सुविधा उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
वहीं, बंसल की ओर से महाप्रबंधक मोहित समैया ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर यूरिनल की सुविधा नि:शुल्क है। उन्होंने कहा कि पे एंड यूज सुविधा के लिए यात्रियों से ली जा रही राशि रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुसार है।
जबलपुर से रानी कमलापति स्टेशन पहुंचे यात्री शैलेश ने यूरिनल के लिए पांच रुपये दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों पर पहले से कई तरह के खर्च होते हैं और छोटी-छोटी मूलभूत सुविधाओं के लिए अलग शुल्क अतिरिक्त बोझ है। उनके अनुसार रानी कमलापति स्टेशन पर सुविधा साफ-सुथरी है, लेकिन जबलपुर में यूरिनल के लिए ऐसा शुल्क नहीं लिया जाता। उन्होंने सतना की नई सुविधा का उदाहरण देते हुए वहां भी यूरिनल नि:शुल्क होने की बात कही।
रेलवे अधिकारी के अनुसार रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का टेंडर भोपाल रेल मंडल ने नहीं, बल्कि रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) ने अवॉर्ड किया है। रेलवे बोर्ड ने कई स्टेशनों को विकास के लिए आरएलडीए को सौंपा है। ऐसे स्टेशनों के विकास और व्यावसायिक गतिविधियों पर आरएलडीए की टेंडर शर्तें लागू होती हैं। रानी कमलापति स्टेशन भी इसी मॉडल के तहत विकसित किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरएलडीए जिस डेवलपर को स्टेशन का टेंडर देता है, वह स्टेशन के निर्माण और विकास में निवेश करता है। इसके बदले उसे तय अवधि तक स्टेशन पर कुछ व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के अधिकार दिए जाते हैं, ताकि निवेश से राजस्व अर्जित किया जा सके। रानी कमलापति स्टेशन के मामले में बंसल समूह ने स्टेशन के विकास में निवेश किया है और इसके बदले उसे व्यावसायिक कैटरिंग, विज्ञापन, पार्किंग तथा पे एंड यूज जैसी गतिविधियों के अधिकार दिए गए हैं।
रेलवे अधिकारी के अनुसार स्टेशन पर पे एंड यूज सुविधा और उसकी दरें भी आरएलडीए की स्वीकृत व्यवस्था के तहत आती हैं। टेंडर आरएलडीए द्वारा किए जाने के कारण इन व्यावसायिक गतिविधियों में भोपाल रेल मंडल की भूमिका सीमित है। भोपाल रेल मंडल की मुख्य जिम्मेदारियों में टिकट बुकिंग और ट्रेन संचालन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं, जबकि स्टेशन की अन्य व्यावसायिक गतिविधियां आरएलडीए के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित