भोपाल , जुलाई 2 -- पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रानी कमलापति-अगरतला-रानी कमलापति स्पेशल एक्सप्रेस में परंपरागत आईसीएफ कोचों के स्थान पर चरणबद्ध रूप से अत्याधुनिक एलएचबी कोच लगाने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 01665 रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल 09 जुलाई से एलएचबी रेक तथा 23 जुलाई से संशोधित एलएचबी रेक संरचना के साथ संचालित होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01666 अगरतला-रानी कमलापति स्पेशल 12 जुलाई से एलएचबी रेक तथा 26 जुलाई से संशोधित एलएचबी रेक संरचना के साथ चलेगी।

वर्तमान में इस ट्रेन में चार सामान्य, पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान तथा दो गार्ड सह लगेज एवं ब्रेक वैन सहित कुल 23 कोच हैं।

नौ और 12 जुलाई से लागू होने वाली एलएचबी रेक संरचना में चार सामान्य, पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 10 शयनयान, एक गार्ड सह लगेज एवं ब्रेक वैन तथा एक जनरेटर कार सहित कुल 22 कोच होंगे।

वहीं 23 और 26 जुलाई से संशोधित एलएचबी रेक संरचना में चार सामान्य, पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, आठ शयनयान, एक गार्ड सह लगेज एवं ब्रेक वैन तथा एक जनरेटर कार सहित कुल 22 कोच रहेंगे।

रेलवे के अनुसार एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से निर्मित होने के कारण अधिक सुरक्षित और आरामदायक हैं। इनमें बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली, कम कंपन, उच्च सुरक्षा मानक तथा दुर्घटना की स्थिति में अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षा उपलब्ध होती है।

पश्चिम मध्य रेल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भोपाल मंडल से होकर संचालित इस महत्वपूर्ण ट्रेन में एलएचबी कोच लगाए जाने से मध्यप्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित