बैतूल , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने रानीपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। दोनों वाहनों से बिना वैध अनुमति रेत का परिवहन किया जा रहा था।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक खनि अधिकारी के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने घोड़ाडोंगरी तहसील के रानीपुर क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम खमालपुर और ग्राम कोयलारी के समीप रेत का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-48-जेडसी-1730 तथा एमपी-48-जेडबी-9206 को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर रानीपुर पुलिस थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। सभी मामलों को अग्रिम सुनवाई के लिए अपर कलेक्टर न्यायालय, बैतूल में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित