नैनीताल , जुलाई 17 -- उत्तराखंड की प्राकृतिक रूप से बेहद खूबसूरत पर्यटक नगरी रानीखेत में जल्द ही दो बहुमंजिला पार्किंग अस्तित्व में आयेंगे वहीं ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) के नये भवन का निर्माण किया जायेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आवास विकास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की समीक्षा की अधिकारियों को संशोधित प्रस्ताव शीघ्र पेश करने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि रानीखेत में गैस गोदाम-आशियाना पार्क और रोडवेज स्टेशन के निकट प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। शासन से क्रमशः 8.62 करोड़ रुपये की लागत से 59 वाहनों की चार मंजिला पार्किंग और रोडवेज स्टेशन के पास लगभग 4.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पार्किंग के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, राजस्व मॉडल और स्थानीय जरूरतों का विस्तृत परीक्षण कर संशोधित आंगणन शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

सचिव आवास ने कहा कि रानीखेत जैसे पर्यटन और व्यापारिक नगर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या कम होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसी प्रकार ऊधमसिंहनगर के रूद्रपुर में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण की भी समीक्षा की गई। लगभग 18.01 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर के ग्राम कल्याणपुर में बनने वाला यह कार्यालय भवन 8,740 वर्गमीटर भूमि पर बनाया जायेगा। परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 20 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार ने भी इस परियोजना के लिए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

प्रस्तावित भवन को ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें सोलर ऊर्जा प्रणाली, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं शामिल होंगी।

सचिव श्री कुमार ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा सभी पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित