रुद्रपुर , अगस्त 27 -- उत्तराखंड के रूद्रपुर में आगामी 29 और 30 अगस्त को प्रस्तावित विशाल सत्संग को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि शनिवार और रविवार को किच्छा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास में विशाल सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। इस पवित्र आयोजन में लाखों सत्संगियों की आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को देखते हुए 29 और 30 अगस्त को सुबह चार बजे से रात आठ बजे तक जिले की सीमाओं से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हल्के वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सत्संग में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। सितारगंज और बरेली की ओर से आने वाले वाहन किच्छा रोड से सत्संग परिसर के सामने पहुंचेंगे। हरिद्वार, काशीपुर और बाजपुर की ओर से आने वाले वाहन गदरपुर स्थित एमेनिटी स्कूल के पास से रिंग रोड होते हुए फ्लाईओवर के नीचे से सर्विस रोड के जरिए परिसर में प्रवेश करेंगे। दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड होते हुए निर्धारित मार्ग से सत्संग परिसर पहुंचेंगे।

यही नहीं नैनीताल और हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हल्द्वानी गोलापुल से लालकुआं-पंतनगर होते हुए किच्छा अथवा सिडकुल पंतनगर चौक से रिंग रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।

परिसर में प्रवेश के लिए भी वाहनों की श्रेणी के अनुसार गेट निर्धारित किए गए हैं। भारी वाहन, बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली गेट संख्या तीन और नौ, चार पहिया हल्के वाहन गेट संख्या सात और दोपहिया वाहन गेट संख्या आठ से प्रवेश करेंगे।

सत्संग समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के लिए भी अलग रूट प्लान लागू रहेगा। किच्छा, सितारगंज और बरेली की ओर जाने वाले वाहन सर्विस रोड से किच्छा हाईवे की ओर जाएंगे, जबकि काशीपुर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन फ्लाईओवर के नीचे से रिंग रोड के रास्ते रवाना होंगे।

पुलिस के अनुसार सत्संग समाप्ति के समय वाहनों के अत्यधिक दबाव को देखते हुए श्रद्धालुओं के वाहनों को समूह बनाकर चरणबद्ध तरीके से निर्धारित गेटों से रवाना किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुख्य हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों को रोककर यातायात का दबाव सामान्य किया जाएगा।

पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों में सहयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित