मुंबई , सितंबर 28 -- अनमोल टीवी के धारावाहिक 'हमारी राधा' में राधा और गिरधर के रिश्ते में आए संकट को लेकर दर्शकों में नाराजगी बढ़ गयी है। राधा के कुछ प्रशंसक आज शूटिंग सेट पर पहुंचे और गिरधर के व्यवहार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राधा को उसके और शनाया के रिश्ते की सच्चाई बताने की मांग की।

धारावाहिक में सिमरन कौर राधा और अक्षय म्हात्रे गिरधर की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में राधा अपने पति गिरधर पर पूरा भरोसा करती है, जबकि गिरधर चोरी-छिपे उसे धोखा दे रहा है। इसी घटनाक्रम से भावनात्मक रूप से जुड़े प्रशंसकों ने राधा के समर्थन में आवाज उठायी।

एक प्रशंसक ने कहा कि राधा को गिरधर पर भरोसा करते और उसके द्वारा धोखा खाते देखना दुखद है। प्रशंसकों की मांग है कि राधा को सच्चाई का पता चले और वह अपने लिए आवाज उठाये।

सिमरन कौर ने कहा कि दर्शकों का शो और राधा के प्रति इतना प्यार और समर्थन देखकर खुशी होती है। उन्होंने कहा कि कहानी अब दिलचस्प मोड़ लेने वाली है और सच्चाई सामने आने पर राधा किस तरह उसका सामना करती है, यह देखना रोचक होगा।

अक्षय म्हात्रे ने कहा कि गिरधर कई कमियों वाला किरदार है और उसके कुछ फैसलों को सही ठहराना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के तौर पर अपने विचारों से अलग किरदार निभाना उनके लिए दिलचस्प है।

कहानी में अब गिरधर के गुप्त रिश्ते की सच्चाई सामने आने वाली है। इसके बाद राधा की प्रतिक्रिया और गिरधर के अगले फैसले को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गयी है।

'हमारी राधा' हर दिन रात 9.30 बजे अनमोल टीवी पर प्रसारित होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित