मथुरा , सितंबर 10 -- ब्रजभूमि में राधा रानी के पावन जन्मोत्सव यानी 'राधाष्टमी' को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 18 और 19 सितंबर को बरसाना में परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले इस भव्य मेले में इस बार 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
महोत्सव का मुख्य आयोजन 19 सितंबर को होगा। मेले में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए गए। सात जोन और 20 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूट प्लान बनाया गया है। श्रद्धालु पीली कोठी होकर लाडो गेट से प्रवेश करेंगे। श्रद्धालु श्रीजी गेट से प्रवेश पा सकेंगे। 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे कमान सुरक्षा के लिए लगभग 2500 पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा, जिनमें अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा 155 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से स्थिति पर नजर रखी जाएगी। इंटेलिजेंस की विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। 10 प्रमुख स्थलों पर फायर फाइटिंग उपकरण और एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। त्वरित संवाद के लिए स्वास्थ्य टीमों के साथ वायरलेस सेट से लैस पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।मेला क्षेत्र में 3 खोया-पाया केंद्र और पर्याप्त संख्या में जूता घर बनाए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। जो श्रद्धालु बरसाना नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा मथुरा और वृंदावन के प्रमुख स्थानों पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोग सीधे दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित