जयपुर, अप्रैल 10 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से शुक्रवार को शिष्टाचार भेंट की।
श्री देवनानी ने नयी दिल्ली में उपराष्ट्रपति भवन में श्री राधाकृष्णन सेयह मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान श्री देवनानी ने उपराष्ट्रपति को राज्य विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित "संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के दो वर्ष " पुस्तक और विधान सभा की दैनंदिनी भेंट की।
इस अवसर पर केन्द्रीय विधि और न्याय और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मध्यप्रदेश से लोकसभा सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद थे।
श्री देवनानी ने श्री राधाकृष्णन को बताया कि इस दैनंदिनी में राजस्थान के गठन से वर्तमान विधानसभा की विभिन्न गतिविधियों के चित्रों को प्रकाशित किया गया है। विशेष कर 30 मार्च 1949 को देश के तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा जयपुर के तत्कालीन महाराजा मानसिंह को राजप्रमुख की शपथ दिलवाने और देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा राज्य विधानसभा के सदस्यों को सम्बोधित किए जाने आदि महत्त्वपूर्ण घटनाओं के चित्र भी प्रकाशित किए गए है।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद भारतीय नव वर्ष चैत्र प्रतिपदा से राज्य विधानसभा की पुस्तक और दैनंदिनी प्रकाशित कराने की नयी परम्परा शुरू की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित