कोलंबो , अप्रैल 20 -- उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को श्रीलंका के नुवारा एलिया जिले के रागाला स्थित लिडल्सडेल एस्टेट में भारतीय आवास परियोजना (तीसरा चरण) के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित घरों का दौरा किया और लाभार्थियों से बातचीत की।
श्री राधाकृष्णन श्रीलंका की दो दिन की यात्रा पर हैं। यात्रा का आज दूसरा दिन है।
उप राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि श्री राधाकृष्णन ने इस मौके पर भारतीय मूल के तमिल समुदाय से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि भारत सरकार और जनता श्रीलंका में तमिल लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने अब तक श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी प्रांतों में तमिल परिवारों के लिए 50,000 घर उपलब्ध कराये हैं, साथ ही बागान क्षेत्रों में भारतीय मूल के तमिल परिवारों के लिए भी घर बनाये हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय आवास परियोजना के चौथे चरण के तहत अतिरिक्त 10,000 घर उपलब्ध कराये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित