रायपुर , अगस्त 19 -- देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के दो सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित प्रवास को देखते हुए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल और वहां से वापसी तक की व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक तथा वापसी के दौरान प्रवेश एवं निकास योजना सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था और रिसेप्शन लाइन के साथ एम्स में रिसेप्शन एवं अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

मुख्य सचिव ने सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्रवाई के लिए गृह विभाग को निर्देशित किया। इसके अलावा उपराष्ट्रपति के ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं तथा आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा गया है।

बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित