नयी दिल्ली , मई 21 -- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई प्रमुख नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री राधाकृष्णन ने उप राष्ट्रपति भवन में राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और राष्ट्र सेवा में दिए गए उनके बलिदान को हमेशा सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।"इससे पहले सुबह श्रीमती गांधी, श्री खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेताओं ने राजीव गांधी के समाधि स्थल वीर भूमि पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वीर भूमि पर उनकी स्मृति में भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में राजीव गांधी के एक वक्तव्य को उद्धृत करते हुए लिखा कि उन्होंने दूरदृष्टि, साहस और भारत के भविष्य में गहरी आस्था के साथ देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने मतदान की आयु 18 वर्ष करने, पंचायती राज को सशक्त बनाने, दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति को बढ़ावा देने जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी विरासत आज भी आधुनिक भारत को दिशा दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित