अलवर , अगस्त 23 -- राजस्थान में अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात के समय सूने मकानों में नकबजनी की वारदात करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करके एक लाख 43 हजार 450 रुपये की नकदी सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने रविवार को बताया कि पांच अगस्त की रात परिवादी के मकान में हुई नकबजनी की वारदात के बाद पुलिस दल ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को दस्तयाब करके पूछताछ की, जिसमें वारदात से जुड़े होने की जानकारी सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय मेहरा सुरेश गुर्जर के रूप में हुई है। आरोपियों सेे 538 ग्राम वजन की चांदी की हसली, एक किलो 15 ग्राम वजन के एक जोड़ी पैरों के कड़े, 20 ग्राम वजन के दो चांदी के सिक्के और एक लाख 43 हजार 450 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित