जालौन , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में आमजन की सुरक्षा और रात्रि में होने वाली घटनाओं की रोकथाम को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने गुरुवार देर रात उरई शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। अचानक निरीक्षण से रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ गई।
रात्रि भ्रमण के दौरान एएसपी ने कोतवाली उरई क्षेत्र के राजेंद्र नगर चौकी और सराफा बाजार पिकेट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और मुस्तैदी को चेक किया। इसके अलावा कोबरा और चेतक मोबाइल टीमों की सक्रियता भी परखी गई।
एएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि रात्रि के समय अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी घटना या सूचना की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डॉ. ईशान सोनी द्वारा केवल मुख्यालय ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भी लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। रात्रि भ्रमण का उद्देश्य पुलिस की वास्तविक ड्यूटी व्यवस्था को मौके पर परखना और सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराना है।
एएसपी ने पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों के लगातार औचक निरीक्षण से रात्रि ड्यूटी में तैनात कर्मियों में जिम्मेदारी के प्रति गंभीरता बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त और पिकेट व्यवस्था को प्रभावी बनाकर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित