बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव खेत के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा रविवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद अचानक घर से निकल गई थी। रातभर तलाश के बाद सोमवार सुबह उसका शव कुएं से बरामद हुआ। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार चौबारा ढाना निवासी पहलाद इवने की बेटी अंशिका इवने शाहपुर कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। रविवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह अचानक घर से निकल गई। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसी दौरान खेत के बटाईदार ने रात में कुत्तों के भौंकने और कुएं में किसी के गिरने जैसी आवाज सुनने की जानकारी दी। अंशिका के लापता होने के कारण परिजनों को कुएं में गिरने की आशंका हुई। रात में कुएं के आसपास तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने कुएं में कांटा डालकर तलाश की। इस दौरान पानी में शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।
पाढर पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जगदीश रायकवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि अंशिका को मोबाइल पर बातचीत को लेकर पहले परिजनों से डांट-फटकार मिली थी। हालांकि परिजनों के अनुसार रविवार रात घर में कोई विवाद नहीं हुआ था। अंशिका की मां का पहले ही निधन हो चुका है और वह पढ़ाई के साथ बुधनी में मजदूरी भी करती थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मौत के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित