यमुनानगर , सितंबर 18 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग के यमुनानगर-रादौर खंड के निर्माण एवं सुधार कार्य का शुभारंभ किया। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत सड़क के विभिन्न हिस्सों में री-कारपेटिंग, सतह सुधार और आवश्यक सड़क ढांचे को बेहतर बनाने का कार्य किया जाएगा। इसमें यमुनानगर क्षेत्र में अलीपुरा गांव से जोड़िया नाका तक री-कारपेटिंग और दामला गांव में री-कारपेटिंग के साथ डिवाइडर का निर्माण भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि यमुनानगर-रादौर मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लंबे समय से यातायात का दबाव बढ़ने और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क के पुनर्निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार सड़क सुधार की मांग की जा रही थी। यह मार्ग केवल रादौर और यमुनानगर को ही नहीं जोड़ता, बल्कि उत्तर प्रदेश की सीमा से भी जुड़ा है, इसलिए स्थानीय आवागमन के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से भी अहम है। सड़क सुधरने से आसपास के गांवों के लोगों, किसानों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वालों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन और तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
श्री राणा ने बताया कि इससे पहले सरस्वती नगर से रादौर और ऊंचा चांदना-रादौर मार्ग पर करीब 17.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य भी पीडब्ल्यूडी द्वारा शुरू किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत 8.14 करोड़ रुपये है।
कार्यक्रम में किसान यूनियन नेता सुभाष गुर्जर सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित