जयपुर , सितंबर 11 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नगर निकाय चुनाव के प्रथम और दूसरे चरण में लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।

श्री राठौड़ ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण में 76 प्रतिशत से अधिक एवं दूसरे चरण में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है वहीं राजधानी में पिछली बार की तुलना में अधिक मतदान हुआ।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। नगर निकाय चुनाव सीधे तौर पर आमजन के दैनिक जीवन और स्थानीय विकास से जुड़े होते हैं। सड़क, सफाई, पेयजल, बिजली, सीवरेज, पार्क, शहरों के सौंदर्यीकरण सहित अनेक बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मजबूत और जवाबदेह स्थानीय निकाय आवश्यक हैं। ऐसे में दूसरे चरण के मतदान में मतदाताओं की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने वाली है।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती है, जिन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के सभी वर्गों के मतदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का प्रतीक है।

श्री राठौड़ ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग, प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों तथा मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्मिकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और भाजपा सदैव जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता ने स्थानीय विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने मत का प्रयोग किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित